लेख

84 महादेव धर्म यात्रा : 55वें महादेव – श्री सिंहेश्वर महादेव: माता पार्वती के तप, वात्सल्य और असीम करुणा से धन्य हुई महाकाल वन की धरा

डॉ. नवीन आनंद जोशी

महाकाल वन की पावन भूमि केवल शिवभक्ति का केंद्र नहीं, बल्कि ऐसी दिव्य लीलाओं की साक्षी है, जिनमें जीवन का गूढ़ दर्शन छिपा हुआ है। ८४ महादेव की धर्म यात्रा का ५५वां पड़ाव श्री सिंहेश्वर महादेव इसी अद्भुत आध्यात्मिक प्रसंग से जुड़ा है। यह कथा माता पार्वती की कठोर तपस्या, उनके दिव्य तेज, वात्सल्य और उस करुणा की है, जो अपराध करने वाले जीव को भी मोक्ष का मार्ग दिखा देती है।

तप की अग्नि से प्रकाशित हुए तीनों लोक

पौराणिक आख्यान के अनुसार, एक समय जगत जननी माता पार्वती ने महान उद्देश्य की सिद्धि के लिए अत्यंत कठोर तपस्या की। उनकी साधना इतनी प्रखर थी कि उसके तेज से तीनों लोक आलोकित हो उठे। माता के तप, त्याग और अटूट संकल्प से प्रसन्न होकर सृष्टि के रचयिता ब्रह्माजी उनके समक्ष प्रकट हुए और वरदान मांगने को कहा।
माता पार्वती ने अत्यंत सहज भाव से अपनी इच्छा व्यक्त की कि भगवान शिव प्रेमपूर्वक उन्हें ‘काली’ कहकर संबोधित करते हैं, इसलिए वे गौर वर्ण प्राप्त करना चाहती हैं। ब्रह्माजी ने उनकी मनोकामना पूर्ण होने का आश्वासन दिया।
जब क्रोध से जन्मा सिंह और जाग उठा मातृत्व….
इसी दिव्य प्रसंग के दौरान माता के तेज और क्रोध से एक विशाल सिंह उत्पन्न हुआ। भूख से व्याकुल वह सिंह माता पार्वती को ही अपना आहार बनाने के लिए आगे बढ़ा, लेकिन जगदंबा के दिव्य प्रभाव के सामने उसकी एक न चली।
असफल होकर जब सिंह लौटने लगा, तब एक अद्भुत दृश्य उपस्थित हुआ। जिस माता पर उसने आक्रमण करने का प्रयास किया था, उसी माता के हृदय में उसके प्रति ममता उमड़ पड़ी। जगत जननी ने उसके अपराध को भुलाकर उसे अपने वात्सल्य का अमृत पिलाया।
यह दृश्य मानो संपूर्ण सृष्टि को संदेश दे रहा था कि मां की करुणा अपराध और प्रतिशोध की सीमाओं से भी परे होती है।
पश्चाताप से मोक्ष तक की यात्रा…
माता के असीम प्रेम को देखकर सिंह का हृदय परिवर्तन हो गया। वह पश्चाताप से भर उठा और माता से अपने पापों से मुक्ति का उपाय पूछने लगा।करुणामयी माता पार्वती ने उसे महाकाल वन में कंटेश्वर महादेव के समीप स्थित पवित्र शिवलिंग के दर्शन और पूजन का मार्ग बताया। माता की आज्ञा पाकर सिंह महाकाल वन पहुंचा और पूरी श्रद्धा से शिवलिंग की आराधना की। भगवान शिव की कृपा से वह पापमुक्त होकर दिव्य गति को प्राप्त हुआ।सिंह के प्रथम दर्शन और इस दिव्य प्रसंग की स्मृति में वह शिवलिंग श्री सिंहेश्वर महादेव के नाम से विख्यात हुआ। ब्रह्माजी ने माता पार्वती को गौर वर्ण का वरदान दिया और वे महागौरी स्वरूप में सुशोभित हुईं। साथ ही उस सिंह को माता का वाहन बनने का सौभाग्य प्राप्त हुआ।
करुणा ही शिवत्व का वास्तविक मार्ग…
८४ महादेव धर्म यात्रा का ५५वां पड़ाव श्री सिंहेश्वर महादेव हमें जीवन का अत्यंत मार्मिक संदेश देता है। यहां माता पार्वती का वात्सल्य बताता है कि वास्तविक शक्ति किसी को पराजित करने में नहीं, बल्कि भटके हुए को सही मार्ग दिखाने में है।एक हिंसक सिंह भी पश्चाताप, भक्ति और शिवकृपा से मुक्ति का अधिकारी बन सकता है। यही सनातन संस्कृति की उदारता और आध्यात्मिक महानता है।
श्री सिंहेश्वर महादेव के चरणों में यही प्रार्थना है कि हमारे भीतर का क्रोध करुणा में, अहंकार विनम्रता में और द्वेष प्रेम में परिवर्तित हो। क्योंकि सच्ची तीर्थयात्रा केवल मंदिर तक पहुंचना नहीं, बल्कि अपने भीतर शिवत्व को जागृत करना है।यात्रा निरंतर….
हर हर महादेव!

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button